आपातकाल की बरसी पर भाजपा ने मनाया ‘संविधान हत्या दिवस’ - City Channel

Breaking

Thursday, June 25, 2026

आपातकाल की बरसी पर भाजपा ने मनाया ‘संविधान हत्या दिवस’

आपातकाल की बरसी पर भाजपा ने मनाया ‘संविधान हत्या दिवस’

▪️जमुई में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प, कांग्रेस की नीतियों की आलोचना।

सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

जमुई : भारतीय जनता पार्टी जिला जमुई की ओर से गुरुवार को एक निजी भवन में ‘संविधान हत्या दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी ने की। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल ने भारतीय लोकतंत्र और संविधान पर सीधा प्रहार किया था। उन्होंने कहा कि उस दिन लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के साथ-साथ नागरिकों के मौलिक अधिकारों को भी कुचल दिया गया था। यही कारण है कि देशभर में इस दिन को ‘संविधान हत्या दिवस’ और काला दिवस के रूप में याद किया जाता है।

उन्होंने कहा कि आपातकाल की घटनाएं आज भी लोकतंत्र प्रेमियों को यह संदेश देती हैं कि संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव सजग रहना आवश्यक है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल आज संविधान की रक्षा की बात करता है, उसी के शासनकाल में संविधान की मूल भावना को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया गया था।

जिला महामंत्री बृजनंदन सिंह ने कहा कि आपातकाल के दौरान देश में भय और दमन का वातावरण कायम कर दिया गया था। सत्ता में बने रहने की मंशा से नागरिक स्वतंत्रता को सीमित किया गया और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने बाद में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब दिया और लोकतंत्र को फिर से मजबूत किया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी बाहों पर काला बिल्ला लगाकर आपातकाल का विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि देश के लोकतांत्रिक इतिहास की इस घटना को कभी भुलाया नहीं जा सकता और नई पीढ़ी को भी इसके बारे में जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा उत्पन्न न हों।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री सोनेलाल पासवान, जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण, साधना सिंह, कार्तिक वर्मा, अयोध्या राम चंद्रवंशी, नगर अध्यक्ष सुनीता सिंह, शंभू राम चंद्रवंशी, शंकर साह, दिवाकर राम, सूरज सिंह, प्रमोद पाल, सुजीत मंडल, संजय साव, सुरेंद्र मंडल, दिनेश मंडल, नीलम देवी, चंदन कुमार सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages