रोजगार और कौशल विकास योजनाओं से युवाओं को जोड़ने के लिए जमुई में कार्यशाला आयोजित
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और कौशल विकास योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय, जमुई द्वारा संयुक्त श्रम भवन, सोनपे में एक दिवसीय रोजगार एवं कौशल विकास जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यशाला का शुभारंभ उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, बिहार कौशल विकास मिशन के समन्वयक संजय कुमार, मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के डिमांड एग्रीगेशन स्पेशलिस्ट निशांत कुमार, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप एवं राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (NAPS) के प्रतिनिधियों तथा जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विशेषज्ञों ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS), राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (NAPS) और मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के लाभों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण, कार्य अनुभव और प्रशिक्षण अवधि में आर्थिक सहायता का लाभ मिलता है। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर अपने भविष्य को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
बिहार कौशल विकास मिशन के समन्वयक संजय कुमार ने स्थानीय शिक्षण संस्थानों और उद्योगों से सरकार की इन योजनाओं में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर संस्थानों की भागीदारी बढ़ने से युवाओं को अपने जिले में ही प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम के समापन पर जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने सभी अतिथियों, संस्थानों एवं प्रतिभागी युवाओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

No comments:
Post a Comment