21 जून को गुरमाहा में होगा भव्य योग कार्यक्रम, शांति और नशामुक्ति का दिया जाएगा संदेश
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को पूर्व के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र गुरमाहा में जिला प्रशासन की ओर से भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। बताते चलें कि 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में स्वास्थ्य, शांति, सद्भाव और नशामुक्त जीवन का संदेश फैलाना है।
वहीं कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन की टीम ने गुरुवार को गुरमाहा पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। इस आयोजन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं में उत्साह का माहौल है।
जिला प्रशासन का कहना है कि जिस स्थान को कभी नक्सली गतिविधियों के लिए जाना जाता था, वहीं अब योग के माध्यम से शांति, स्वास्थ्य और सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के साथ नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करना और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
मौके पर जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि गुरमाहा में विकास के साथ-साथ सामाजिक और मानसिक बदलाव लाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग दिवस का यह आयोजन शांति और विकास की नई पहचान बनेगा।
इस अवसर पर युवाओं और ग्रामीणों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी दिलाया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जमुई की विधायक सह उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

No comments:
Post a Comment