जमुई में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ, डीएम ने कहा- रक्तदान इंसानियत का सबसे पवित्र रिश्ता
🔹लायंस क्लब और आईएमए के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान, जल्द चलेगा मेगा रक्तदान महाअभियान।
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक परिसर में रविवार को लायंस क्लब जमुई एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की जमुई शाखा के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी ने किया। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों, चिकित्सकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का परिचय दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सा प्रक्रिया नहीं, बल्कि इंसानियत का सबसे पवित्र रिश्ता है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन अलग-अलग लोगों को जीवनदान दे सकता है। रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद मरीज, बच्चे या परिवार को नया जीवन दिया जा सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए।
रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने घोषणा की कि जिले में जल्द ही जिला प्रशासन, लायंस क्लब और आईएमए के सहयोग से एक बड़े स्तर पर ‘मेगा रक्तदान महाअभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान रावणेश्वर हॉल में आयोजित होगा, जिससे अधिक मात्रा में सुरक्षित रक्त संग्रह किया जा सके और आपातकालीन परिस्थितियों में किसी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
आईएमए के अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति को वर्ष में कम-से-कम दो बार रक्तदान करना चाहिए। वहीं आईएमए के सचिव डॉ. नेहाल अहमद ने बताया कि जिले में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों एवं सड़क दुर्घटना के शिकार मरीजों के लिए नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में इस प्रकार के शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होते हैं।
लायंस क्लब के अध्यक्ष राजीव रंजन भालोटिया ने कहा कि संस्था समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
शिविर में बड़ी संख्या में चिकित्सक, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक और युवा उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदान को महादान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम का समापन रक्तदाताओं के सम्मान और मानव सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment