जनता दरबार में डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं, 16 मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
🔹भूमि विवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य और राजस्व मामलों पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; कहा- लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई : आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी ने जनता दरबार का आयोजन किया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार में भूमि विवाद, लोक शिकायत, शिक्षा, स्वास्थ्य, थाना, खनन, राजस्व तथा बाल विकास परियोजना से जुड़े कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए। जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदनों की बारीकी से समीक्षा कर उन्हें संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भूमि विवाद से संबंधित मामलों को प्राथमिकता देते हुए जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों को नियमित रूप से संयुक्त बैठक आयोजित करने तथा विवादित स्थलों का संयुक्त निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर सुलझाए जा सकने वाले मामलों का निष्पादन दोनों पक्षों की उपस्थिति में कराया जाए, ताकि विवादों का स्थायी समाधान हो सके।
शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायतों पर जिला शिक्षा पदाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा विद्यालयों की व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्देश दिया गया। वहीं स्वास्थ्य एवं बाल विकास परियोजना से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा गया।
राजस्व एवं अंचल कार्यालयों से संबंधित शिकायतों पर जिला पदाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए दाखिल-खारिज समेत सभी लोक सेवाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
जनता दरबार के समापन पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्राप्त सभी 16 मामलों की प्रगति की समीक्षा वे स्वयं करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को त्वरित राहत और न्याय उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी विभागों को पूरी जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।
जनता दरबार में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों ने जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए समाधान की दिशा में की गई कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment