जमुई के चार नए डिग्री कॉलेजों में नामांकन जारी, जिला प्रशासन ने जारी किए प्रवेश केंद्रों के पते - City Channel

Breaking

Tuesday, June 9, 2026

जमुई के चार नए डिग्री कॉलेजों में नामांकन जारी, जिला प्रशासन ने जारी किए प्रवेश केंद्रों के पते

जमुई के चार नए डिग्री कॉलेजों में नामांकन जारी, जिला प्रशासन ने जारी किए प्रवेश केंद्रों के पते

🔹सही जानकारी के अभाव में भटक रहे छात्रों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने स्पष्ट की नामांकन प्रक्रिया.।

सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

जमुई : जिले के नवस्थापित चारों राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। हालांकि सही पते की जानकारी नहीं होने के कारण कई छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने नामांकन केंद्रों की आधिकारिक जानकारी जारी की है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जारी सूचना के अनुसार राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सोनो में नामांकन के लिए प्लस-टू एस.एस. उच्च विद्यालय, पैलवाजन कैंपस, सोनो को नामांकन केंद्र बनाया गया है। वहीं राजकीय डिग्री महाविद्यालय, खैरा के लिए उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बघखार (खैरा), राजकीय डिग्री महाविद्यालय, अलीगंज के लिए उत्क्रमित उच्च विद्यालय, मिर्जागंज (अलीगंज) तथा राजकीय डिग्री महाविद्यालय, लक्ष्मीपुर के लिए उत्क्रमित उच्च विद्यालय, हरला (लक्ष्मीपुर) में नामांकन कार्य संचालित किया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने सभी इच्छुक छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम में न पड़ें और संबंधित महाविद्यालय के लिए निर्धारित केंद्र पर पहुंचकर नामांकन की प्रक्रिया पूरी करें। प्रशासन ने यह भी कहा है कि छात्र अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय अवधि में नामांकन केंद्र पहुंचें ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

साथ ही जिला प्रशासन ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों से इस महत्वपूर्ण सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया है, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं तक सही जानकारी पहुंच सके और वे समय पर अपना नामांकन सुनिश्चित कर सकें।

No comments:

Post a Comment

Pages