सूर्यघर बिजली योजना' से ऊर्जा क्षेत्र में नई क्रांति की तैयारी, 14 जून से शुरू होगा राज्यव्यापी अभियान - City Channel

Breaking

Tuesday, June 9, 2026

सूर्यघर बिजली योजना' से ऊर्जा क्षेत्र में नई क्रांति की तैयारी, 14 जून से शुरू होगा राज्यव्यापी अभियान

'सूर्यघर बिजली योजना' से ऊर्जा क्षेत्र में नई क्रांति की तैयारी, 14 जून से शुरू होगा राज्यव्यापी अभियान

🔹मुख्य सचिव ने की समीक्षा, जमुई के जिला पदाधिकारी ने लोगों और संवेदकों से योजना में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट

जमुई : राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और आम लोगों को सस्ती एवं स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ‘सूर्यघर बिजली योजना’ के सफल क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जमुई के जिला पदाधिकारी नवीन भी शामिल हुए और जिले की कार्ययोजना से अवगत कराया।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार ने बिहार में 2.5 लाख घरों पर सोलर रूफटॉप स्थापित करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ 14 जून को मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना बिहार को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

मुख्य सचिव ने योजना के क्रियान्वयन में संवेदकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें प्रशासनिक टीम का अभिन्न हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य प्राप्त करना प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और जिला प्रशासन की ओर से संवेदकों को हर संभव सहयोग और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में बताया गया कि इस योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने से उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आएगी। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।

जिला पदाधिकारी नवीन ने कहा कि जमुई जिले की भौगोलिक परिस्थितियां और प्रचुर धूप इस योजना को सफल बनाने के लिए अनुकूल हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ लेने तथा अपने घरों में सौर ऊर्जा आधारित प्रणाली स्थापित कराने की अपील की।

उन्होंने संवेदकों से भी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से जमुई इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन में राज्य के लिए एक आदर्श जिला बन सकता है।

No comments:

Post a Comment

Pages