तीन माह से वेतन नहीं मिलने से परेशान शिक्षा सेवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ - City Channel

Breaking

Friday, June 12, 2026

तीन माह से वेतन नहीं मिलने से परेशान शिक्षा सेवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

तीन माह से वेतन नहीं मिलने से परेशान शिक्षा सेवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

🔹समर कैंप के दौरान विद्यालय में बिगड़ी तबीयत, इलाज के क्रम में हुई मौत; परिजनों को सहायता और नौकरी देने की उठी मांग।

खैरा/जमुई : खैरा प्रखंड के मध्य विद्यालय गोपालपुर में कार्यरत शिक्षा सेवक राजू मांझी (47 वर्ष) की विद्यालय में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि पिछले तीन माह से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण राजू मांझी आर्थिक तंगी और बढ़ते कर्ज से परेशान चल रहे थे।

मृतक राजू मांझी ग्राम गोपालपुर, पोस्ट भोंड, थाना खैरा के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है जबकि दूसरी अविवाहित है। परिवार का मुख्य सहारा राजू मांझी ही थे।


परिजनों के अनुसार, लगातार तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया था। आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ को लेकर वे काफी चिंतित रहते थे। शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे वे विद्यालय में आयोजित समर कैंप के दौरान बच्चों को पढ़ा रहे थे। इसी बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े।

सहकर्मियों और स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दोपहर करीब 1:45 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर राजद के प्रदेश सचिव एवं अधिवक्ता गोल्डन अंबेडकर मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वे परिवार के साथ खड़े हैं तथा सरकार से मृतक के आश्रित को नौकरी और आर्थिक सहायता देने की मांग करेंगे।

वहीं शिक्षा सेवक संघ के खैरा प्रखंड इकाई के सदस्य चंदन चौधरी, रंजीत दास, प्रमोद मरांडी, बिरेंद्र भुईयां, धर्मेंद्र मांझी, कार्तिक मांझी, महादेव मांझी सहित दर्जनों शिक्षा सेवकों ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। संघ के सदस्यों ने सरकार से लंबित वेतन भुगतान की व्यवस्था में सुधार तथा मृतक परिवार को विशेष सहायता देने की मांग की।

राजू मांझी के निधन से शिक्षा जगत और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर है। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने सरकार से परिवार को उचित मुआवजा, आश्रित को नौकरी तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

No comments:

Post a Comment

Pages