दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविरों की शुरुआत, प्रखंड स्तर पर बनेगा यूडीआईडी कार्ड - City Channel

Breaking

Thursday, June 11, 2026

दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविरों की शुरुआत, प्रखंड स्तर पर बनेगा यूडीआईडी कार्ड

दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविरों की शुरुआत, प्रखंड स्तर पर बनेगा यूडीआईडी कार्ड

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट

जमुई, 11 जून। जिले के दिव्यांगजनों को सुविधाजनक तरीके से सरकारी लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष दिव्यांगता शिविरों का आयोजन शुरू किया है। समाज कल्याण विभाग के निर्देश पर आयोजित इस अभियान की शुरुआत गुरुवार को बरहट प्रखंड से हुई।

जिला प्रशासन के अनुसार 12 जून को लक्ष्मीपुर, 13 जून को गिद्धौर, 14 जून को झाझा, 16 जून को सोनो, 17 जून को चकाई, 18 जून को खैरा, 19 जून को सिकंदरा, 20 जून को अलीगंज तथा 22 जून को जमुई प्रखंड में शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञ चिकित्सक दिव्यांगजनों की जांच कर ऑनलाइन यूडीआईडी (यूनिक डिसएबिलिटी आईडी) कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

जिला पदाधिकारी नवीन ने कहा कि दिव्यांगजनों को जिला मुख्यालय तक आने की परेशानी से बचाने के लिए यह पहल की गई है। अब उन्हें अपने ही प्रखंड में जांच और पंजीकरण की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि यूडीआईडी कार्ड पूरे देश में मान्य पहचान पत्र है, जिसके माध्यम से दिव्यांगजन विभिन्न सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, छात्रवृत्ति, सहायक उपकरण वितरण, ऋण सुविधा तथा परिवहन सेवाओं में मिलने वाली रियायतों का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को शिविर तक पहुंचाने में सहयोग करें। वहीं आवेदकों से आधार कार्ड की छायाप्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो, पुराना दिव्यांगता प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) तथा मोबाइल नंबर साथ लाने का अनुरोध किया गया है, ताकि मौके पर ही पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की जा सके।

No comments:

Post a Comment

Pages