मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन सतर्क, सुरक्षा व्यवस्था की संयुक्त ब्रीफिंग पूरी
🔹डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, 24 जून सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक कई मार्गों पर रहेगा यातायात बंद।
जमुई : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 24 जून को प्रस्तावित जमुई दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। गिद्धौर प्रखंड के कुन्धुर पंचायत स्थित नयागांव में होने वाले कार्यक्रम को लेकर सोमवार को कार्यक्रम स्थल पर जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा सुरक्षा बलों की उच्चस्तरीय ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने साफ कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और सुरक्षा बलों को 24 जून की सुबह 6 बजे तक अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया। साथ ही हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और वीआईपी मार्ग पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या वाहन के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया।
प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर हेलीपैड, वीआईपी कारकेड मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर एंटी-सबोटाज जांच कराई जाएगी। वहीं केनुहट मोड़ से रतनपुर चौक होते हुए गिद्धौर थाना तक मुख्य मार्ग पर 24 जून की सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक आम वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा, ताकि वीआईपी मूवमेंट सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था के तहत जीवनरक्षक दवाओं से लैस एम्बुलेंस, आवश्यक रक्त की उपलब्धता, ब्लड डोनर, चिकित्सकों की तैनाती तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गिद्धौर को अलर्ट मोड में रखा गया है। इसके अलावा हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन दल की भी विशेष तैनाती की गई है।
संयुक्त ब्रीफिंग के अंत में अधिकारियों ने सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी गई कि ड्यूटी में लापरवाही या समय पर उपस्थित नहीं होने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment