सिपाही भर्ती परीक्षा 24 जून को, कदाचार रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कसी कमर
🔹10 परीक्षा केंद्रों पर 3,885 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, डीएम ने अधिकारियों को हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने का दिया निर्देश।
सिटी संवाददाता : रामजीवन साहू की रिपोर्ट
जमुई : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), पटना द्वारा 24 जून को आयोजित होने वाली सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसे लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों की ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि हाल के दिनों में प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए फर्जीवाड़े से सबक लेते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि को हल्के में न लें। परीक्षा केंद्रों पर तैनात प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मी अपनी जिम्मेदारी का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की तत्काल जांच करें।
उन्होंने कहा कि परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कदाचार में संलिप्त पाए जाने वाले अभ्यर्थियों या अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध बिहार लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर समय सीमा का कड़ाई से पालन होगा और निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर कुल 3,885 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक होगी। सभी केंद्रों पर स्टेटिक एवं जोनल मजिस्ट्रेट, पर्याप्त पुलिस बल, जैमर और सुरक्षा व्यवस्था तैनात रहेगी। साथ ही परीक्षा अवधि में केंद्रों के आसपास बीएनएसएस की धारा 163 प्रभावी रहेगी तथा फोटोकॉपी की दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने भरोसा जताया है कि सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाएगा।

No comments:
Post a Comment