भच्छियार में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, मानव-वन्यजीव संघर्ष पीड़ितों के अधिकारों की दी गई जानकारी
🔻DLSA जमुई के तत्वावधान में उत्क्रमित मध्य विद्यालय भच्छियार में कार्यक्रम, NALSA योजना 2025 के प्रावधानों से ग्रामीणों को किया गया जागरूक:
जमुई : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) जमुई के तत्वावधान में रविवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भच्छियार में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानव-वन्यजीव संघर्ष (HCW) से प्रभावित पीड़ितों को न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए संचालित NALSA Scheme on Access to Justice for Victims of Human-Wildlife Conflict (HCW)-2025 के बारे में आम लोगों को जागरूक करना था।
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता अंजनी कुमार एवं पीएलवी स्मिता कुमारी ने उपस्थित ग्रामीणों को योजना के विभिन्न प्रावधानों, पीड़ितों को मिलने वाली कानूनी सहायता, मुआवजा प्रक्रिया तथा उनके अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में प्रभावित व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विशेष पहल की गई है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लेकर विधिक जानकारी प्राप्त की। वक्ताओं ने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी कानूनी सहायता की आवश्यकता होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करने की अपील की।
कार्यक्रम का आयोजन जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, डीएलएसए जमुई के निर्देशानुसार किया गया। अंत में उपस्थित लोगों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

No comments:
Post a Comment