प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से जमुई को मिलेगी 8 मेगावाट हरित ऊर्जा - City Channel

Breaking

Monday, June 15, 2026

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से जमुई को मिलेगी 8 मेगावाट हरित ऊर्जा

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से जमुई को मिलेगी 8 मेगावाट हरित ऊर्जा

🔹8,675 बीपीएल परिवारों की छतों पर लगेंगे सोलर पैनल, बिजली बिल में होगी बड़ी बचत; डीएम ने गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के दिए निर्देश।

सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार।

जमुई : जिले में स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ हजारों गरीब परिवारों तक पहुंचाया जाएगा। योजना के प्रथम चरण में जिले के 8,675 बीपीएल परिवारों के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे जमुई को करीब 8 मेगावाट अतिरिक्त हरित ऊर्जा प्राप्त होगी।

इस योजना का शुभारंभ हाल ही में पटना में आयोजित एक राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान राज्यभर में 1,512 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर पैनल लगाने की योजना का आगाज किया गया। साथ ही ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी 1,278 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इस कार्यक्रम में समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष से जिला पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ऑनलाइन भागीदारी की।

विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार जमुई जिले के सभी 10 प्रखंडों की चयनित 50 पंचायतों में रहने वाले 8,675 गरीब परिवारों को इस योजना से जोड़ा जाएगा। सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना के बाद न केवल जिले की विद्युत क्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार पहले से ही घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है। अब सोलर पैनल लगने के बाद लाभार्थी परिवारों का बिजली खर्च और भी कम हो जाएगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला पदाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों को योजना की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया है।

जिला पदाधिकारी ज़हरी नवीन ने कहा कि योजना की नियमित समीक्षा की जाएगी और सभी संबंधित विभागों के समन्वय से इसे समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल बिजली उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

No comments:

Post a Comment

Pages