16 जून से जिलेभर में लगेगा तीन दिवसीय जन-कल्याण शिविर - City Channel

Breaking

Monday, June 15, 2026

16 जून से जिलेभर में लगेगा तीन दिवसीय जन-कल्याण शिविर

16 जून से जिलेभर में लगेगा तीन दिवसीय जन-कल्याण शिविर

🔹सभी प्रखंडों, चयनित पंचायतों और पहली बार नगर निकायों के वार्डों में भी मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ; डीएम ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई : केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 16 जून से 18 जून तक जिले के सभी प्रखंडों में तीन दिवसीय "प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर" का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही पूर्व से चयनित 20 पंचायतों में चल रहे सहयोग शिविरों का संचालन जारी रहेगा। पहली बार जिले के तीनों नगर निकायों के 12 वार्डों में भी सहयोग शिविर लगाए जाएंगे।

शिविरों की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी ने समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सभी विभागों के नोडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पूर्व में आयोजित सहयोग शिविरों तथा सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केवल आंकड़ों के आधार पर नहीं, बल्कि आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों का लगातार फॉलो-अप करने पर भी जोर दिया।

शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उनके निष्पादन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा लखपति दीदी योजना, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजना तथा भवन निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से जुड़ी सेवाओं के लिए भी आवेदन लिए जाएंगे।

जिले की चयनित 20 पंचायतों और नगर निकायों के 12 वार्डों में आयोजित सहयोग शिविरों में नए आवेदन प्राप्त करने के साथ-साथ पूर्व में दर्ज शिकायतों का समाधान कर लाभुकों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। आवेदन करने वाले लाभार्थियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक तथा संबंधित योजना से जुड़े आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है, ताकि उनके आवेदन का मौके पर ही त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

No comments:

Post a Comment

Pages