बलिया डाबर घाट पर अवैध बालू खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, संवेदक पर 5.47 लाख का जुर्माना - City Channel

Breaking

Tuesday, June 9, 2026

बलिया डाबर घाट पर अवैध बालू खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, संवेदक पर 5.47 लाख का जुर्माना

बलिया डाबर घाट पर अवैध बालू खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, संवेदक पर 5.47 लाख का जुर्माना

🔹जांच में स्वीकृत सीमा से बाहर खनन की पुष्टि, जिला प्रशासन ने नियम उल्लंघन पर दिखाई सख्ती।

सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

जमुई : जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चकाई प्रखंड के बलिया डाबर घाट पर नियमों का उल्लंघन करने वाले संवेदक पर 5 लाख 47 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया है। यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी नवीन के निर्देश पर जिला खनिज विकास पदाधिकारी एवं खान निरीक्षक की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार स्थानीय ग्रामीणों की शिकायतों एवं मीडिया में प्रकाशित खबरों के आधार पर जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया था। इसके बाद खनन विभाग की टीम ने बलिया डाबर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया, जिसमें पर्यावरण स्वीकृति की निर्धारित सीमा का उल्लंघन पाए जाने की पुष्टि हुई।

जांच के दौरान पाया गया कि संवेदक द्वारा आवंटित 1600 मीटर की स्वीकृत सीमा से बाहर जाकर मेझनी एवं बढ़िया घाट मौजा क्षेत्र में पोकलेन मशीनों के माध्यम से बालू का उत्खनन किया जा रहा था। अधिकारियों ने इसे खनन नियमों और पर्यावरणीय मानकों का स्पष्ट उल्लंघन माना।

प्रशासन ने ग्रामीणों द्वारा लगाए गए डराने-धमकाने और क्षेत्र में भय का माहौल बनाने संबंधी आरोपों को भी गंभीरता से लिया है। जिला प्रशासन ने अंचल अधिकारी, चकाई तथा चन्द्रमंडीह थाना को प्रभावित क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है।

जिला खनिज विकास पदाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग अथवा खनिज नियमों के किसी भी उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में नियमों की अवहेलना करने वाले संवेदकों के विरुद्ध जुर्माने के साथ-साथ प्राथमिकी दर्ज करने एवं टेंडर रद्द करने जैसी कठोर कार्रवाई भी की जा सकती है।

प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages