जमुई के सभी 10 प्रखंडों में 17 और 18 जून को लगेगा जन-कल्याण शिविर, एक ही परिसर में मिलेगी कई सरकारी योजनाओं की सुविधा - City Channel

Breaking

Tuesday, June 9, 2026

जमुई के सभी 10 प्रखंडों में 17 और 18 जून को लगेगा जन-कल्याण शिविर, एक ही परिसर में मिलेगी कई सरकारी योजनाओं की सुविधा

जमुई के सभी 10 प्रखंडों में 17 और 18 जून को लगेगा जन-कल्याण शिविर, एक ही परिसर में मिलेगी कई सरकारी योजनाओं की सुविधा

🔹आयुष्मान कार्ड, पेंशन, आवास, किसान सम्मान निधि सहित दर्जनों योजनाओं के लंबित मामलों का होगा ऑन-द-स्पॉट निपटारा

सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

जमुई : जिले के आम लोगों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 17 एवं 18 जून को जिले के सभी 10 प्रखंडों में दो दिवसीय विशेष ‘प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन, सत्यापन एवं लाभ वितरण की प्रक्रिया एक ही परिसर में संपन्न की जाएगी।

इस संबंध में जिला पदाधिकारी नवीन की अध्यक्षता में सोमवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिविर की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने तथा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिविर के दौरान आयुष्मान भारत योजना एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड निर्माण को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से जुड़े लंबित मामलों का निबंधन एवं सत्यापन भी मौके पर किया जाएगा।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम स्वनिधि योजना तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लखपति दीदी योजना सहित कई महत्वपूर्ण केंद्रीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

वहीं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजनाएं, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना तथा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं से संबंधित आवेदन एवं लाभ वितरण भी शिविर के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने लाभुकों से अपील की है कि वे आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो तथा योजना से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचें, ताकि मौके पर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लाभ प्राप्त किया जा सके।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही मीडिया के माध्यम से शिविर की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का अनुरोध भी किया गया है।

No comments:

Post a Comment

Pages