501 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ खुटौना में नौ दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ शुरू
▪️मां काली मंदिर से निकली शोभायात्रा, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञाचार्य ने कराई कलश स्थापना।
खैरा/जमुई : खैरा प्रखंड के खुटौना गांव स्थित मां काली मंदिर में मंगलवार को नौ दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ। महायज्ञ के प्रथम दिन 501 सुहागिन महिलाओं और कन्याओं ने भव्य कलश यात्रा निकालकर धार्मिक आयोजन की शुरुआत की। पूरे गांव में "जय मां काली" के जयघोष गूंजते रहे और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कलश यात्रा मां काली मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नारियाना क्यूल नदी घाट पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महिलाओं ने पवित्र जल से कलश भरे। इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर पुनः यज्ञ मंडप पहुंचे, जहां यज्ञाचार्य दीपक पांडेय के नेतृत्व में विधिवत कलश स्थापना और संकल्प कराया गया। महायज्ञ के मुख्य यजमान बजरंगी रावत अपनी धर्मपत्नी के साथ सभी धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए।
भव्य कलश यात्रा में ढोल-नगाड़ों की गूंज, धार्मिक ध्वज और श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा में महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग और आसपास के ग्रामीण भी शामिल हुए।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि नौ दिनों तक प्रतिदिन वैदिक अनुष्ठान, हवन, पूजा-पाठ, प्रवचन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महायज्ञ में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में बिक्की कुमार, गुलाबी तांती, संजीत मंडल, प्रवीण पासवान, देवेंद्र पासवान, तीतू माझी, रामलाल यादव, विनोद कुमार पासवान सहित कई ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने सक्रिय सहयोग दिया।

No comments:
Post a Comment