मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में किसानों का प्रदर्शन 4 जून को, जिला मुख्यालयों पर होगा प्रदर्शन
सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार
खतौली : संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में 4 जून को देशभर के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इस संबंध में मोर्चा की आवश्यक ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से आंदोलन का निर्णय लिया गया।
संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा के संस्थापक जितेंद्र शर्मा ने बताया कि अमेरिका से आए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल द्वारा भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है। किसान संगठनों का आरोप है कि इस समझौते को लेकर अमेरिकी प्रशासन भारत पर अनावश्यक दबाव बना रहा है, जो देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप के समान है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता भारतीय कृषि, डेयरी और पोल्ट्री क्षेत्र के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। इसी के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के आह्वान पर 4 जून को सुबह 11 बजे सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
आंदोलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया जाएगा तथा कृषि, डेयरी और पोल्ट्री क्षेत्रों को मुक्त व्यापार समझौते से बाहर रखने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
किसान नेताओं का कहना है कि यदि यह समझौता वर्तमान स्वरूप में लागू किया गया तो इसका प्रतिकूल प्रभाव देश के किसानों, पशुपालकों और कृषि आधारित आजीविका पर पड़ सकता है। इसलिए किसान संगठन किसानों के हितों की रक्षा के लिए देशभर में जागरूकता अभियान और विरोध कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
मोर्चा ने सभी किसान संगठनों, कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों और आम किसानों से 4 जून के प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment