25 जून से चार्ज होगी 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन, एसजेवीएन ग्रीन एनर्जी ने जारी की सार्वजनिक सूचना
🔹लक्ष्मीपुर और झाझा अंचल के कई गांवों से गुजरने वाली विद्युत लाइन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील।
सिटी संवाददाता : ब्रह्मदेव प्रसाद यादव की रिपोर्ट।
झाझा/जमुई : झाझा/जमुई : एसजेवीएन ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (SGEL) ने जमुई जिले में स्थापित 75 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना से संबंधित 132 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन के ऊर्जीकृत (चार्ज) किए जाने को लेकर आम सूचना जारी की है। कंपनी ने बताया कि यह ट्रांसमिशन लाइन 25 जून 2026 या उसके बाद किसी भी समय चार्ज की जा सकती है।
जारी सूचना के अनुसार, काकनचौर स्थित 75 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना को 132/33 केवी जमुई न्यू ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) धौबियाकुरा से जोड़ने का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब इस लाइन में विद्युत प्रवाह शुरू होने के बाद सुरक्षा मानकों का पालन करना सभी के लिए आवश्यक होगा।
यह ट्रांसमिशन लाइन लक्ष्मीपुर एवं झाझा अंचल के काकणियां टांड़, सलेया, छापा, खेरन, मरई तथा सिकटिया सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों से होकर गुजरती है। कंपनी ने इन गांवों के ग्रामीणों, किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि लाइन, टावर तथा संबंधित विद्युत संरचनाओं से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की असुरक्षित गतिविधि से बचें।
एसजेवीएन ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि विद्युत लाइन के ऊर्जीकृत होने के बाद लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी से होने वाली किसी भी दुर्घटना अथवा जन-धन की क्षति के लिए कंपनी जिम्मेदार नहीं होगी। कंपनी ने लोगों से विद्युत सुरक्षा नियमों का पालन कर सुरक्षित रहने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment