सीएम के जमुई दौरे के मद्देनजर 24 घंटे के लिए 'नो ड्रोन फ्लाई जोन' लागू
🔹डीएम का आदेश जारी, 23 जून शाम 6 बजे से 24 जून शाम 6 बजे तक पांच किमी दायरे में ड्रोन उड़ाने पर रोक।
सिटी संवाददाता : रामजीवन साहू की रिपोर्ट
जमुई : मुख्यमंत्री के 24 जून को प्रस्तावित जमुई दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए कार्यक्रम स्थल एवं हेलीपैड के आसपास के क्षेत्र को 24 घंटे के लिए अस्थायी 'नो ड्रोन फ्लाई जोन' घोषित कर दिया है। इस संबंध में जिला पदाधिकारी सह समाहर्ता द्वारा आदेश जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गिद्धौर प्रखंड के कुंधुर पंचायत स्थित नगायोग में बने अस्थायी हेलीपैड पर उतरेगा। कार्यक्रम के बाद वे महाराजा चंद्रचूड़ विद्यालय, गिद्धौर में निर्मित अस्थायी हेलीपैड से वापस प्रस्थान करेंगे।
प्रशासन ने दोनों स्थलों के पांच किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, हॉट एयर बैलून, पैरा मोटर, पैरा ग्लाइडर, पावर्ड हैंड ग्लाइडर तथा अन्य सभी गैर-पारंपरिक उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश 23 जून की शाम 6 बजे से 24 जून की शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध ड्रोन नियम-2021 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय को प्रमुख स्थानों पर 'नो ड्रोन फ्लाई जोन' संबंधी सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

No comments:
Post a Comment