18 जून से शुरू होगा श्री सर्वदेव दिव्य धाम प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव, पांच दिवसीय महायज्ञ की तैयारी अंतिम चरण में - City Channel

Breaking

Wednesday, June 10, 2026

18 जून से शुरू होगा श्री सर्वदेव दिव्य धाम प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव, पांच दिवसीय महायज्ञ की तैयारी अंतिम चरण में

18 जून से शुरू होगा श्री सर्वदेव दिव्य धाम प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव, पांच दिवसीय महायज्ञ की तैयारी अंतिम चरण में

🔹22 जून को पूर्णाहुति व भंडारे के साथ होगा समापन, काशी के विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में होंगे धार्मिक अनुष्ठान।

जमुई : शहर के सुरेशपुरम स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के समीप नव निर्मित श्री सर्वदेव दिव्य धाम में 18 जून से पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव एवं महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान शिव परिवार सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच संपन्न होगी। महोत्सव का समापन 22 जून को पूर्णाहुति, महाआरती एवं विशाल भंडारे के साथ होगा।

श्री सर्वदेव दिव्य धाम समिति के अध्यक्ष सह ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने बताया कि धार्मिक आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। काशी से पधार रहे विद्वान आचार्यों के नेतृत्व में संपूर्ण अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा। यज्ञ में प्राचार्य ऋतुराज सिन्हा, उनकी धर्मपत्नी शिवांगी शरण एवं पुत्र जय शौर्य यजमान की भूमिका निभाएंगे।

मंदिर परिसर में भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश, कार्तिकेय, नंदी, मां दुर्गा, मां सरस्वती, मां गायत्री, राधा-कृष्ण, विष्णु-लक्ष्मी, राम-सीता एवं हनुमान जी की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।

महोत्सव का शुभारंभ 18 जून को भव्य कलश यात्रा से होगा। श्रद्धालु किऊल नदी से जल लेकर कलश यात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद पंचांग पूजन एवं अन्य वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। 19 से 21 जून तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, अधिवास, मंडप पूजन, मूर्ति स्थापना एवं नगर भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 22 जून को शुभ मुहूर्त में प्राण-प्रतिष्ठा, हवन, पूर्णाहुति, महाआरती तथा भंडारे का आयोजन होगा।

समिति के अनुसार धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और भव्य सजावट से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं तथा आमंत्रण पत्र वितरण का कार्य भी जारी है।

डॉ. सिन्हा ने जिले एवं आसपास के श्रद्धालुओं से इस धार्मिक महोत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष शुरू हुआ श्री सर्वदेव दिव्य धाम का निर्माण कार्य अब पूर्ण हो चुका है और प्राण-प्रतिष्ठा के साथ मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए समर्पित हो जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Pages