उत्सवी माहौल में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को राशि का भुगतान, जमुई के 1.64 लाख लाभुकों के खाते में पहुंचे 19.43 करोड़ रुपये
🔹मुख्यमंत्री ने राज्यभर के पेंशनधारियों को भेजी राशि, जिला पदाधिकारी ने लाभुकों से जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की
जमुई : बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को पेंशन राशि के भुगतान के अवसर पर बुधवार को जिले में उत्सवी माहौल देखा गया। मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के 94 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1100 रुपये की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। इस कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी नवीन सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी समाहरणालय स्थित सभा कक्ष से वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को सभी पेंशनधारियों को उनकी पेंशन राशि का नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाए। जिले के विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों ने भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 91,700, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 37,950, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 12,769, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 7,467, बिहार राज्य निःशक्तता पेंशन योजना के 13,522 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1,074 लाभुकों को पेंशन राशि का भुगतान किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार जिले के कुल 1,64,482 पेंशनधारियों के बीच 19 करोड़ 43 लाख 18 हजार 800 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी नवीन ने सभी पेंशनधारियों से समय-समय पर जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की, ताकि उनकी पेंशन का भुगतान बाधित न हो। उन्होंने विशेष रूप से उन लाभुकों से शीघ्र जीवन प्रमाणीकरण कराने का आग्रह किया, जिन्होंने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। जिला पदाधिकारी ने बताया कि लाभुक अपने निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं।

No comments:
Post a Comment