समस्तीपुर में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले अवैध केंद्र का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार - City Channel

Breaking

Monday, June 15, 2026

समस्तीपुर में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले अवैध केंद्र का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

समस्तीपुर में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले अवैध केंद्र का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

🔹साइबर पुलिस की छापेमारी में लैपटॉप, स्कैनर, फिंगर स्कैनर, मोबाइल और कई आधार कार्ड बरामद; नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी।

समस्तीपुर : साइबर थाना पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने के नाम पर संचालित एक अवैध केंद्र का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से आधार कार्ड बनाने में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन तथा कई आधार कार्ड बरामद किए हैं। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के मोरवा निवासी मोहम्मद अफजल उर्फ राजा के रूप में हुई है, जो मोहम्मद शोएब का पुत्र बताया जाता है।

साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि साइबर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि ताजपुर थाना क्षेत्र के कोल्ड स्टोरेज चौक स्थित एक आधार सुविधा केंद्र में अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने का कार्य किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान केंद्र में एक युवक लैपटॉप पर आधार संबंधी कार्य करता मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद अफजल उर्फ राजा बताया, लेकिन आधार कार्ड निर्माण एवं अपडेट संबंधी कार्यों के बारे में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन में एक संदिग्ध वेबसाइट का लिंक मिला। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह उसी वेबसाइट के माध्यम से आधार कार्ड अपडेट करने और अन्य संबंधित कार्यों को अंजाम देता था। प्रारंभिक जांच में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने एक स्कैनर, दो लैपटॉप, एक बायोमेट्रिक फिंगर स्कैनर, दो मोबाइल फोन तथा 12 आधार कार्ड बरामद किए। सभी सामानों को जब्त कर तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया है।

साइबर डीएसपी ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कब से इस अवैध गतिविधि में संलिप्त था और उसके माध्यम से कितने लोगों के आधार कार्ड बनाए अथवा अपडेट किए गए। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Pages