सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार, 13 केंद्रों पर 5,001 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा - City Channel

Breaking

Saturday, June 27, 2026

सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार, 13 केंद्रों पर 5,001 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार, 13 केंद्रों पर 5,001 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

▪️कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था, सुबह 11 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश; मोबाइल समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित।

जमुई : बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) पदों पर भर्ती के लिए 28 जून (रविवार) को होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जमुई जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं प्रशासनिक स्तर पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों की संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें कुल 5,001 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 10 बजे निर्धारित किया गया है। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश सुबह 10 बजे से 11 बजे तक ही मिलेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मुख्य प्रवेश द्वार पर ई-एडमिट कार्ड और पहचान पत्र का मिलान करने के बाद सघन फ्रिस्किंग होगी। परीक्षा कक्ष में प्रवेश के बाद वीक्षकों द्वारा दोबारा जांच की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए प्रत्येक केंद्र पर महिला वीक्षक, महिला दंडाधिकारी तथा अलग सुरक्षित जांच कक्ष की व्यवस्था की गई है। साथ ही बाहरी तकनीकी कर्मियों, बायोमेट्रिक कर्मचारियों और परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी गड़बड़ी पर तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, व्हाइटनर, इरेज़र और ब्लेड जैसी वस्तुओं के ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रश्नपत्र के बक्से खोलने से लेकर परीक्षा समाप्ति तक पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास स्थित सभी फोटो कॉपी (जेरॉक्स) की दुकानें बंद रहेंगी और अनधिकृत भीड़ एकत्र होने पर भी रोक रहेगी।

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।

No comments:

Post a Comment

Pages