जमुई की सभी पंचायतों में कल मनेगा 'पंचायत विकास दिवस', प्रभारी मंत्री और प्रभारी सचिव करेंगे निरीक्षण
▪️'मन की बात' का होगा सामूहिक श्रवण, ग्राम सभाओं में पंचायत विकास की नौ प्राथमिकताओं पर बनेगी कार्ययोजना।
जमुई : 'विकसित भारत-समृद्ध बिहार' के संकल्प को साकार करने की दिशा में रविवार को जमुई जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 'पंचायत विकास दिवस' का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम के तहत जिले के सभी पंचायत सरकार भवनों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन होगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि एक साथ प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का सामूहिक श्रवण करेंगे। इसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों के विकास कार्यों पर आधारित विशेष वीडियो का प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि अन्य पंचायतें भी बेहतर कार्यों से प्रेरणा ले सकें।
इस अभियान की मॉनिटरिंग के लिए जिले के प्रभारी मंत्री जमुई प्रखंड के गरसंडा पंचायत सरकार भवन पहुंचकर कार्यक्रम का निरीक्षण करेंगे। वहीं जिले के प्रभारी सचिव काकन स्थित महावीर पुस्तकालय में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
पंचायत विकास दिवस के दौरान स्थानीयकृत सतत विकास के नौ प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इनमें गरीबी उन्मूलन, आजीविका संवर्धन, स्वास्थ्य, बाल कल्याण, स्वच्छता, जल संरक्षण, हरित पंचायत, सुशासन, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तीकरण तथा आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही पंचायतों के समग्र विकास के लिए भविष्य की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने-अपने पंचायत भवनों में समय पर पहुंचकर इस अभियान में भाग लें और अपने गांव के विकास की दिशा तय करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

No comments:
Post a Comment