चरकापत्थर में SSB की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों द्वारा छिपाए गए हथियार और विस्फोटक बरामद - City Channel

Breaking

Saturday, May 30, 2026

चरकापत्थर में SSB की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों द्वारा छिपाए गए हथियार और विस्फोटक बरामद

चरकापत्थर में SSB की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों द्वारा छिपाए गए हथियार और विस्फोटक बरामद

🔻संयुक्त तलाशी अभियान में सुरंग से मिली रायफल, पिस्टल, डेटोनेटर और जिलेटिन रॉड; सुरक्षा बलों ने नक्सली नेटवर्क को बताया बड़ा झटका।

सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

चरकापत्थर/सोनो/जमुई : जमुई के सोनो प्रखंड अंर्तगत चरकापत्थर इलाके में शुक्रवार को नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चरकापत्थर थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में हथियार एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बरामद सामग्री नक्सलियों द्वारा भविष्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई थी।

जानकारी के अनुसार, 16वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट अनिल कुमार पठानिया के निर्देशन एवं निरीक्षक (सामान्य) प्रदीप कुमार वर्मन के नेतृत्व में शुक्रवार को विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी की ‘सी’ समवाय चरकापत्थर तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम सरायडीह एवं धमनी गांव के दक्षिण-पूर्व दिशा में स्थित जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में पहुंची।

तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने डॉग स्क्वॉड, डी-माइनिंग टीम तथा डीएसएमडी उपकरणों की सहायता से सघन जांच की। जांच के क्रम में बड़े पत्थरों के बीच बनाई गई एक सुरंगनुमा जगह से छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। वहीं बरामद सामग्री में एक मस्कट रायफल, एक देसी कट्टा (पिस्टल), चार इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, पांच जिलेटिन रॉड शामिल हैं।

एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नक्सलियों के मंसूबों पर बड़ा प्रहार है। बरामद हथियार और विस्फोटक सामग्री को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए चरकापत्थर थाना को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

पहले भी हो चुकी है बड़ी बरामदगी

एसएसबी के अनुसार, इससे पहले 16 अक्टूबर 2025 को भी इसी क्षेत्र में चलाए गए डी-माइनिंग और सर्च अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नक्सली संगठनों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिल रही है।

लोगों से सहयोग की अपील

सशस्त्र सीमा बल ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति अथवा विस्फोटक सामग्री की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी सुरक्षा बल या पुलिस प्रशासन को दें। अधिकारियों ने कहा कि जनता के सहयोग से ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को मजबूती मिल सकती है।

No comments:

Post a Comment

Pages