श्रावणी मेला से पहले ब्लैक स्पॉट्स दुरुस्त करें, नहीं तो होगी FIR: डीएम-एसपी
🔻हाईवे सुरक्षा टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में NHAI अधिकारियों को चेतावनी, अवैध अतिक्रमण और पार्किंग पर चलेगा अभियान।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट
जमुई : राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित, सुगम और अतिक्रमणमुक्त बनाने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल की संयुक्त अध्यक्षता में "डिस्ट्रिक्ट हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स" की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा, दुर्घटना संभावित स्थलों, अवैध अतिक्रमण, हाईवे पेट्रोलिंग तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में डीएम ने पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त हाईवे सर्विलांस टीम गठित करने का निर्देश दिया, जो निर्धारित एसओपी के तहत नियमित निरीक्षण और पेट्रोलिंग करेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग के राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में स्थित अवैध ढाबों, होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य अतिक्रमणों को चिन्हित कर हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही हाईवे पर भारी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग रोकने और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों के ठहराव को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर वहां आवश्यक साइनेज, चेतावनी बोर्ड, स्पीड कंट्रोल उपाय और अन्य सुरक्षा सुविधाएं विकसित करने का निर्देश दिया। गिद्धौर के रतनपुर के समीप हाल में हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि वहां सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक सुधार शीघ्र नहीं किए गए तो संबंधित NHAI अधिकारियों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
श्रावणी मेला को लेकर डीएम ने कहा कि जमुई होकर लाखों श्रद्धालु गुजरते हैं, इसलिए मेला शुरू होने से पहले पूरे रूट का सर्वेक्षण कर सभी ब्लैक स्पॉट्स को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने पर्याप्त रोशनी, चेतावनी संकेतक, गति नियंत्रण उपाय तथा अन्य सुरक्षा इंतजाम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में सड़क से बाधाएं हटाना, क्रेन की व्यवस्था करना तथा जाम को समाप्त कराना NHAI की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि डिस्ट्रिक्ट हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक प्रत्येक 15 दिन पर आयोजित होगी। सभी संबंधित विभागों को नोडल पदाधिकारी नामित कर सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।

No comments:
Post a Comment