विषहरि स्थान पर सोलर स्ट्रीट लाइट नहीं लगने से ग्रामीणों में आक्रोश
- बनझुलिया के लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर अविलंब लाइट लगाने की उठाई मांग
- आस्था के केंद्र माता विषहरि स्थान पर रात में पसरा रहता है अंधेरा
गिद्धौर/जमुई : 1गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र के पतसंडा पंचायत अंतर्गत बनझुलिया गांव स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र माता विषहरि स्थान पर अब तक मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट नहीं लगाए जाने को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
गांव की कुलदेवी एवं मनसा देवी के रूप में पूजित माता विषहरि स्थान पर रात्रि के समय अंधेरा पसरा रहने से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रावधान है।
इसके बावजूद ग्राम सभा और वार्ड सभा में स्थल चयनित होने के बाद भी आज तक यहां सोलर स्ट्रीट लाइट नहीं लगाया जा सका, जिससे लोगों में प्रशासनिक उदासीनता को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर गांव के तीन दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने पतसंडा पंचायत सचिव दीपक कुमार चौधरी को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपकर माता विषहरि स्थान पर अविलंब मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है।
आवेदन में ग्रामीणों ने कहा है कि माता विषहरि स्थान गांववासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन पूजा-अर्चना के लिए लोगों का आना-जाना लगा रहता है। खासकर शाम और रात्रि के समय अंधेरा रहने के कारण श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था होने से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा होगी, बल्कि गांव में सुरक्षा की दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण साबित होगा।
इस संबंध में पतसंडा पंचायत के पूर्व वार्ड सदस्य एवं युवा समाजसेवी डब्लू पंडित ने कहा कि अपने कार्यकाल वर्ष 2016 से 2021 के दौरान उन्होंने माता विषहरि स्थान पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव को वार्ड सभा एवं ग्राम सभा में सर्वसम्मति से पारित कराया था। बावजूद इसके संबंधित अधिकारियों की उदासीनता एवं मनमानी रवैये के कारण आज तक इस सार्वजनिक धार्मिक स्थल पर सोलर स्ट्रीट लाइट नहीं लग सकी।
उन्होंने कहा कि गांव के लोगों की वर्षों पुरानी मांग आज भी अधूरी है, जबकि यह स्थल पूरे गांव की आस्था और धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब इस दिशा में सकारात्मक पहल करने की मांग की। वहीं इस मामले पर पंचायत सचिव दीपक कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत पतसंडा पंचायत में वार्डवार कुल 123 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जा चुके हैं।
फिलहाल योजना के अंतर्गत अतिरिक्त लाइट उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि भविष्य में जब दोबारा योजना के तहत नई लाइट उपलब्ध होगी, तब माता विषहरि स्थान पर लाइट लगाने के प्रस्ताव पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में पूर्व वार्ड सदस्य डब्लू पंडित, तेजनारायण पंडित, अरुण पंडित, सुबोध कुमार, मिथुन कुमार, सीताराम पंडित, सनोहर साव, प्रिंस कुमार विश्वकर्मा, उमेश पासवान, मनजीत पासवान, सुधीर पंडित, राजकुमार रावत, मनोहर शाह, शकुंतला देवी, मुस्कान कुमारी, आशीष पासवान, चंद्रशेखर पासवान, शिवकुमार पंडित समेत दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर शामिल हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पहल करते हुए माता विषहरि स्थान पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके और धार्मिक स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

No comments:
Post a Comment