भीषण गर्मी के बीच 542वीं साइकिल यात्रा, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जमुई : बढ़ती गर्मी और लगातार रिकॉर्ड तोड़ तापमान के बीच साईकिल यात्रा एक विचार, जमुई (रजि०) द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 542वीं साप्ताहिक साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम, जमुई से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर परिषद क्षेत्र के स्वामी विवेकानंद कॉलोनी पहुंची।
यात्रा के दौरान संस्था के सदस्यों ने विवेकानंद कॉलोनी में संजीव सिंह की निजी भूमि पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान सदस्य कुंदन सिन्हा ने बढ़ती गर्मी, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण असंतुलन पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हाल के आंकड़ों के अनुसार दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में अधिकांश भारत के हैं, जो बढ़ते तापमान की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। मौसम विशेषज्ञों द्वारा उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
संस्था के संस्थापक विवेक कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को अब लोगों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। पेड़ लगाना, जल संरक्षण करना और प्रदूषण कम करना ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की कुंजी है।
मंच के सदस्य मनेश कुमार ने लोगों से गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं, पेड़ों की छाया का उपयोग करें तथा प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाए।
कार्यक्रम में आकाश कुमार, गोलू कुमार, पंकज कुमार, गौरव कुमार, शिवम कुमार, प्रिंस कुमार, राकेश कुमार, हर्ष कुमार सिन्हा, कुंदन सिन्हा, विवेक कुमार, मनेश कुमार, तरुण कुमार सिन्हा, शांतनु कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment