जमुई के डीईओ ने किया स्कूलों का औचक निरीक्षण, बच्चों को खुद पढ़ाया; वीडियो वायरल - City Channel

Breaking

Sunday, May 10, 2026

जमुई के डीईओ ने किया स्कूलों का औचक निरीक्षण, बच्चों को खुद पढ़ाया; वीडियो वायरल

जमुई के डीईओ ने किया स्कूलों का औचक निरीक्षण, बच्चों को खुद पढ़ाया; वीडियो हुआ वायरल

जमुई : जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) दयाशंकर ने शनिवार को जिले के कई सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। खास बात यह रही कि निरीक्षण के दौरान डीईओ खुद कक्षा में पहुंचे और बच्चों को गणित व विज्ञान के पाठ सरल तरीके से समझाए। उनका पढ़ाने का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

डीईओ ने चकाई प्रखंड के बिहार-झारखंड सीमा क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय बसबूटिया, लक्ष्मीपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय मटिया तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय मंगरार का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में साफ-सफाई, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और पठन-पाठन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान वे सीधे कक्षा छह, सात और आठ में पहुंचे और बच्चों से विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे। छात्रों की प्रतिक्रिया जानने के बाद उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर गणित और विज्ञान के कई प्रश्नों को आसान तरीके से हल कर समझाया। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

डीईओ ने शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के अनुशासन, पोषण, स्वच्छता और नियमित स्कूल ड्रेस में उपस्थिति पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

यह निरीक्षण ‘सुरक्षित शनिवार’ कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों और जागरूकता सत्रों की समीक्षा के उद्देश्य से किया गया था। बच्चों के बीच बैठकर पढ़ाने और सहज संवाद स्थापित करने की डीईओ की शैली को शिक्षकों और विद्यार्थियों ने काफी सराहा।

No comments:

Post a Comment

Pages