बकरीद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, जमुई शहर में निकाला गया फ्लैग मार्च
🔻संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहु का रिपोर्ट: -
जमुई : ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आम लोगों में विश्वास कायम करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम से शुरू होकर कचहरी चौक, महाराजगंज, महीसौढ़ी चौक, थाना चौक, बोधवन तालाब और नीमारंग होते हुए गुजरा। मार्च के दौरान अधिकारियों ने लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के दौरान अमन-चैन बिगाड़ने या अफवाह फैलाने की कोशिश करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। जिले के संवेदनशील और प्रमुख स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जिला प्रशासन ने कहा कि सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। माहौल खराब करने या अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे और त्याग का प्रतीक है। लोग बिना किसी भय के शांति और उल्लास के साथ त्योहार मनाएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस या जिला नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की गई है।



No comments:
Post a Comment