अवैध बालू उठाव का विरोध करने पर युवक से मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप - City Channel

Breaking

Sunday, May 3, 2026

अवैध बालू उठाव का विरोध करने पर युवक से मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप

 अवैध बालू उठाव का विरोध करने पर युवक से मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप


जमुई : जिले के खैरा थाना क्षेत्र में अवैध बालू उठाव का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 30 अप्रैल की शाम हरियाडीह रविदास टोला में हुई।

पीड़ित साकिन्द्र रविदास (पिता- घनश्याम रविदास) ने बताया कि गांव की महिलाएं शौच के लिए कोनिया घाट नदी की ओर गई थीं। इसी दौरान कुछ लोग प्रतिबंधित क्षेत्र से बालू उठाव कर रहे थे और वहां आने-जाने वाली महिलाओं का वीडियो बना रहे थे तथा अभद्र टिप्पणी कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचकर विरोध करने लगा, तो भौड़ गांव के 10 से 15 लोगों ने उसके साथ मारपीट की।

आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने और महिलाओं को उठा ले जाने की धमकी भी दी। पीड़ित ने बताया कि घटना से पूरे समाज में भय और आक्रोश का माहौल है। उसने यह भी दावा किया कि घटना से संबंधित वीडियो उसके पास मौजूद है, जिसे वह पुलिस को सौंपेगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू उठाव जारी है, लेकिन इस पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

इस संबंध में एससी-एसटी थाना की थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम को जांच के लिए घटनास्थल पर भेजा गया है। टीम के लौटते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Pages