जमुई में सड़क धंसने से खतरा, स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
जमुई : नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 24 स्थित जयशंकर नगर में सड़क धंसने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। आदर्श पी.डी. मिडिल स्कूल के सामने, कोठी पोखर और लेथ मशीन के बीच की सड़क पर अचानक गड्ढा बन जाने से स्थानीय लोग दहशत में हैं।
स्थानीय निवासी प्रो. रामजीवन साहु ने बताया कि यह सड़क पिछले दो-चार दिनों के भीतर ही क्षतिग्रस्त हुई है और स्थिति काफी खतरनाक हो गई है। खासकर उत्तर दिशा से आने वाले वाहन चालकों को यह गड्ढा आसानी से दिखाई नहीं देता, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि इस गली में दोपहिया वाहन तेज रफ्तार (करीब 70 किमी/घंटा) से गुजरते हैं, ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यहां गंभीर दुर्घटना हो सकती है। लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की है।

No comments:
Post a Comment