नागी डैम में वृद्ध महिला का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
सिटी संवाददाता : ब्रह्मदेव प्रसाद यादव
झाझा/जमुई : झाझा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध नागी डैम में बुधवार शाम एक वृद्ध महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पानी में शव उपलाता देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही झाझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई धर्मेंद्र सिंह और दीपक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा शव को पानी से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।
मृत महिला की पहचान रानीकुरा गांव निवासी नागेश्वर मंडल की 65 वर्षीय पत्नी देवन्ती देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि महिला किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान डैम में महिला का शव दिखने की सूचना मिली।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



No comments:
Post a Comment