सुशीला देवी की पुण्य स्मृति में पीपल का पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
लखीसराय : नया बाजार स्थित टाउन हॉल परिसर में मंगलवार को पूज्या चाची जी स्वर्गीय सुशीला देवी की पुण्य स्मृति में पर्यावरण भारती के तत्वावधान में देव वृक्ष पीपल का पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी अक्षत राज मोदी ने किया, जबकि सहयोग शैक्षणिक आयाम प्रांत प्रमुख शिक्षक अरविंद कुमार ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक Ram Bilas Shandilya ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग का असर अब भारत में भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है। बिहार में गर्मी के मौसम में असमय बारिश से किसानों की गेहूं, मक्का और मूंग की फसल को नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि सासाराम में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि उत्तर प्रदेश के बांदा में 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि पेड़ों के आसपास तापमान करीब 9 डिग्री तक कम हो जाता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम 10 पेड़ लगाने का संकल्प लेना चाहिए।
शिक्षक अरविंद कुमार ने कहा कि स्वर्गीय महेश प्रसाद सिंह केएसएस कॉलेज में हिंदी विभागाध्यक्ष और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रथम जिला संघचालक थे। उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय सुशीला देवी हमेशा सामाजिक कार्यों में सहयोग करती थीं और सभी को पुत्रवत स्नेह देती थीं। उनकी स्मृति में पीपल का पौधारोपण एक स्मरणीय और प्रेरणादायी कार्य है।
कार्यक्रम में अक्षत राज मोदी, अरविंद कुमार, सोमनाथ सुमन, राम बिलास शाण्डिल्य, दीपक कुमार, प्रेम प्रकाश समेत कई लोगों ने भाग लिया।

No comments:
Post a Comment