बाबा कोकिलचन्द धाम के संचालन में हुआ बड़ा बदलाव - City Channel

Breaking

Friday, May 29, 2026

बाबा कोकिलचन्द धाम के संचालन में हुआ बड़ा बदलाव

 बाबा कोकिलचन्द धाम के संचालन में हुआ बड़ा बदलाव

- आमसभा में ट्रस्ट भंग, नया बैंक खाता व युवा टीम गठन का निर्णय।

गिद्धौर/जमुई : गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गंगरा गांव में बाबा कोकिलचन्द को साक्षी मानकर बीते सप्ताह आयोजित आमसभा में ग्रामीणों ने धाम के संचालन एवं मंदिर निर्माण कार्य को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। सभा की अध्यक्षता ग्राम पंचायत राज गंगरा के मुखिया प्रतिनिधि कल्याण सिंह ने की। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुद्धिजीवी एवं युवा उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व में गठित बाबा कोकिलचन्द ट्रस्ट, कार्यकारिणी समिति, मार्गदर्शन मंडल एवं अन्य सभी पुराने समूहों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया जाए। ग्रामीणों ने कहा कि धाम से जुड़े कार्यों को पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि बाबा कोकिलचन्द धाम एवं बाबा कोकिलचन्द विचार मंच के नाम से संचालित पुराने व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक ग्रुप एवं अन्य सोशल मीडिया समूह अब निष्क्रिय माने जाएंगे। भविष्य में इन समूहों के उपयोग की स्थिति में संबंधित एडमिन को जिम्मेदार माना जाएगा। ग्रामीणों ने बाबा के नाम से संचालित पुराने बैंक खातों को बंद करने का भी निर्णय लिया। वहीं मंदिर निर्माण कार्य को गति देने के लिए युवाओं की भागीदारी से एक विशेष अस्थायी समूह गठित करने पर सहमति बनी। यह समूह ग्रामीणों के सहयोग से निर्माण कार्य हेतु राशि संग्रह करेगा। बैठक में धाम से संबंधित गतिविधियों के संचालन के लिए नया व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही एक नया संयुक्त बैंक खाता खोलने पर भी सहमति बनी। इस खाते के संचालन हेतु कल्याण सिंह एवं निरंजन कुमार सिंह उर्फ फोटन जी को अधिकृत किया गया। इसके अतिरिक्त मंदिर निर्माण एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए युवाओं की एक सक्रिय टीम गठित करने का भी निर्णय लिया गया। सभा के दौरान मंदिर की दानपेटी को सार्वजनिक रूप से खोला गया, जिसमें कुल 13 हजार 941 रुपये की राशि प्राप्त हुई। ग्रामीणों ने इसे पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने लिए गए निर्णयों पर सहमति जताते हुए हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर शैलेन्द्र इमार, नीरज सिंह, नंद किशोर सिंह, वीरेंद्र पांडेय, चुनचुन कुमार, गुंजन कुमार सिंह, लाटो सिंह, धीरज कुमार, सोनू कुमार, अरविंद कुमार, आशीष कुमार पांडेय, उपेंद्र सिंह, सुबोध सिंह, संतोष कुमार रजक एवं मनोज कुमार समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment

Pages