चकाई चेक पोस्ट पर बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त; तस्कर गिरफ्तार - City Channel

Breaking

Thursday, May 28, 2026

चकाई चेक पोस्ट पर बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त; तस्कर गिरफ्तार

चकाई चेक पोस्ट पर बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त; तस्कर गिरफ्तार

चकाई/जमुई : बिहार सरकार की मद्यनिषेध नीति को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जमुई उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। चकाई चेक पोस्ट पर विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शराब ढोने में इस्तेमाल ऑटो को जब्त कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, जिला पदाधिकारी श्री नवीन के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम लगातार जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर चकाई चेक पोस्ट पर एक पियाजियो कंपनी के ‘एप’ टेंपो को रोककर तलाशी ली गई।

जांच के दौरान वाहन में बिस्किट के कार्टून के नीचे छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की 840 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 296.280 लीटर बताई गई है।

मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर निवासी जितेंद्र मंडल के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि शराब की खेप झारखंड के देवघर से लाई जा रही थी और इसे बड़हिया समेत आसपास के क्षेत्रों में खपाने की योजना थी।

उत्पाद विभाग ने आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शराब के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या उत्पाद विभाग को दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। 

No comments:

Post a Comment

Pages