बकरीद को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई - City Channel

Breaking

Wednesday, May 27, 2026

बकरीद को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

बकरीद को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

🔻डीएम-एसपी ने कहा- सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू

जमुई : ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री नवीन और पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने की।

बैठक में जिले के प्रबुद्ध नागरिकों, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों ने भाग लेकर आपसी भाईचारा और धार्मिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि जमुई में सभी पर्व-त्योहार हमेशा भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में मनाए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने, नफरत फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस का सोशल मीडिया सेल 24 घंटे सक्रिय है और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्रवाई होगी।

अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार ने प्रशासनिक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। वहीं शांति समिति के सदस्यों ने नमाज के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने सहित कई सुझाव दिए, जिन्हें प्रशासन ने स्वीकार किया।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अप्रिय घटना, अफवाह या आपात स्थिति की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष या संबंधित अधिकारियों को दें। इसके लिए जिला नियंत्रण कक्ष, पुलिस कार्यालय, अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग और मद्यनिषेध विभाग के हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने भरोसा दिलाया कि जिले की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप बकरीद पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Pages