गिद्धौर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
- विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों को दिया स्वास्थ्य परामर्श
- मेदांता हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने की जांच
- गांव-गांव तक बेहतर स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने की दिशा में डॉ. सिन्हाज़ फाउंडेशन की सराहनीय पहल
गिद्धौर। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रखंड क्षेत्र के पतसंडा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में रविवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर डॉ. सिन्हाज़ हेल्थकेयर एंड रिसर्च फाउंडेशन के सौजन्य से तथा जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, पटना के सहयोग से आयोजित हुआ। स्वास्थ्य शिविर का संचालन फाउंडेशन के प्रोग्राम कॉर्डिनेटर सोनू कुमार मिश्रा के नेतृत्व एवं देखरेख में किया गया।
शिविर में ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भाग लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श प्राप्त किया। गांव में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया। शिविर में मेदांता हॉस्पिटल से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. अमित ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की तथा उन्हें विभिन्न बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने को लेकर विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण सहित कई आवश्यक चिकित्सकीय जांच की गईं। मरीजों ने अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को सीधे विशेषज्ञ डॉक्टरों के समक्ष रखा और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह प्राप्त की। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच को लेकर चिकित्सकों ने गंभीरता दिखाई। बच्चों को पोषण, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में बताया गया।
वहीं बुजुर्गों को बढ़ती उम्र में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ. सिन्हाज़ हेल्थकेयर एंड रिसर्च फाउंडेशन के सीईओ सुशांत साईं सुंदरम ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल इलाज उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना भी है। उन्होंने कहा कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक अभाव और जानकारी की कमी के कारण लोग समय पर इलाज नहीं करा पाते, जिससे छोटी बीमारी भी गंभीर रूप ले लेती है।
ऐसे में फाउंडेशन लगातार गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह एवं मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही उन्होंने जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों का ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचना लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रहा है।
सीईओ सुशांत साईं सुंदरम ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही कई गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन आगे भी इसी प्रकार जनहित में स्वास्थ्य जांच शिविर, जागरूकता अभियान और नि:शुल्क परामर्श कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंच सके। फाउंडेशन के प्रोग्राम कॉर्डिनेटर सोनू कुमार मिश्रा ने बताया कि संस्था समय-समय पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों को शहरों जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो जाती हैं, जिससे समय और आर्थिक दोनों प्रकार की बचत होती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मेदांता हॉस्पिटल के मार्केटिंग मैनेजर आशीष पांडेय, नर्सिंग स्टाफ इंतिखाब आलम, अर्जुन यादव एवं गौतम कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं विद्यालय प्राचार्य युगल किशोर रजक, फाउंडेशन के वालंटियर सोनू कुमार, रॉकी कुमार तथा सफाई कर्मी विदेशी मांझी ने भी आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
स्वास्थ्य शिविर में शामिल ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांवों में इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर किसी वरदान से कम नहीं हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलती रहे।

No comments:
Post a Comment