बकरीद को लेकर जमुई प्रशासन अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई - City Channel

Breaking

Friday, May 22, 2026

बकरीद को लेकर जमुई प्रशासन अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

बकरीद को लेकर जमुई प्रशासन अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

🔻डीएम-एसपी ने की हाई लेवल समीक्षा बैठक, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी और पुलिस गश्त; शांति समिति बैठकों के निर्देश।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू

जमुई : आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जमुई जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी कड़ी में समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला पदाधिकारी नवीन और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में मजबूत कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना था।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी नवीन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और थाना अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में चिन्हित संवेदनशील और अति-संवेदनशील स्थलों की स्थिति की गहन समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को इन इलाकों का लगातार भ्रमण करने और पूर्व में हुई छोटी-बड़ी घटनाओं का पुनरावलोकन करने को कहा, ताकि किसी भी संभावित तनाव या अप्रिय स्थिति का पहले से आकलन कर समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन बकरीद पर्व को पूर्व की तरह पूरी तरह शांतिपूर्ण और गरिमामय माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीनी स्तर पर प्रशासनिक सतर्कता और लगातार निगरानी बेहद जरूरी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिले के सभी थानों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों और दोनों समुदायों के सम्मानित लोगों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आपसी विश्वास और भाईचारे का माहौल मजबूत हो सके।

इसके अलावा चिन्हित अति-संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने, अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने और उनके खिलाफ अग्रिम निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए भी विशेष सतर्कता बरतने की बात कही गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे स्थानीय स्तर पर राजनीतिक या चुनावी प्रतिद्वंद्विता से उत्पन्न होने वाले संभावित तनाव की पहचान कर समय रहते आवश्यक कदम उठाएं।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि जिले की आंतरिक सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द और कौमी एकता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने साफ कहा कि कानून हाथ में लेने वाले या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।

एसपी ने सभी थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सघन गश्त करने का निर्देश दिया। साथ ही त्योहार की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ त्वरित निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं।

No comments:

Post a Comment

Pages