जमुई के जंगलों में पहली बार दिखा तेंदुआ, वन विभाग की टीम ने कैमरे में किया कैद - City Channel

Breaking

Thursday, May 21, 2026

जमुई के जंगलों में पहली बार दिखा तेंदुआ, वन विभाग की टीम ने कैमरे में किया कैद

जमुई के जंगलों में पहली बार दिखा तेंदुआ, वन विभाग की टीम ने कैमरे में किया कैद

🔻मलयपुर वन क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से बढ़ी उत्सुकता, विशेषज्ञ बोले- बेहतर हो रहा जंगलों का प्राकृतिक संतुलन

बरहट/जमुई: जमुई जिले के जंगलों में पहली बार तेंदुए की मौजूदगी दर्ज होने से वन विभाग के साथ-साथ वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। मलयपुर वन क्षेत्र के बरहट डैम से गुरमाहा जाने वाले जंगली रास्ते में वन विभाग की पेट्रोलिंग टीम ने तेंदुए को देखा और उसकी तस्वीरें कैमरे में कैद कर लीं।

जानकारी के अनुसार नियमित गश्ती के दौरान वन विभाग की टीम को जंगल के रास्ते में एक तेंदुआ आराम करता हुआ दिखाई दिया। टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए उसकी तस्वीरें लीं, जिससे क्षेत्र में इस दुर्लभ वन्यजीव की उपस्थिति की पुष्टि हुई।

मलयपुर वन क्षेत्र के रेंजर ऑफिसर सुशांत कुमार ने बताया कि यह घटना क्षेत्र के जंगलों में बेहतर प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों के लिए सुरक्षित माहौल का संकेत है। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद किसी बड़े वन्यजीव की मौजूदगी सामने आने से विभाग भी उत्साहित है।

स्थानीय ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने भी इसे जंगलों के संरक्षण और बढ़ती हरियाली का सकारात्मक परिणाम बताया है। लोगों का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में जंगलों में हरियाली बढ़ी है और जल स्रोतों की स्थिति भी बेहतर हुई है, जिससे वन्यजीवों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार तेंदुए जैसे शिकारी जीव वहीं निवास करते हैं, जहां पर्याप्त भोजन, पानी और सुरक्षित आवास उपलब्ध हो। ऐसे में मलयपुर वन क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र का प्रतीक मानी जा रही है।

विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि भविष्य में यह क्षेत्र इको-टूरिज्म और वन संरक्षण अभियानों के लिए नई पहचान बना सकता है। इससे लोगों में वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ने की संभावना है।

इधर वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही से बचें और किसी भी वन्यजीव को देखकर उसे परेशान करने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें।

No comments:

Post a Comment

Pages