जमुई में फार्मर रजिस्ट्री अभियान ने पकड़ी रफ्तार, एक दिन में 2773 किसानों का पंजीकरण - City Channel

Breaking

Wednesday, May 27, 2026

जमुई में फार्मर रजिस्ट्री अभियान ने पकड़ी रफ्तार, एक दिन में 2773 किसानों का पंजीकरण

जमुई में फार्मर रजिस्ट्री अभियान ने पकड़ी रफ्तार, एक दिन में 2773 किसानों का पंजीकरण

🔻लापरवाही पर सख्त प्रशासन, खराब प्रदर्शन करने वालों पर होगी कार्रवाई।

जमुई : जिला प्रशासन की लगातार मॉनिटरिंग और सख्ती का असर अब फार्मर रजिस्ट्री अभियान में साफ दिखने लगा है। बुधवार को अपराह्न साढ़े छह बजे तक जिले में 2,773 किसानों का डिजिटल पंजीकरण किया गया। इससे एक दिन पहले 26 मई को यह आंकड़ा 1,789 था। लगातार बढ़ रही संख्या अभियान की रफ्तार और प्रशासनिक सक्रियता को दर्शा रही है।

जिला पदाधिकारी श्री नवीन के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान की निगरानी के लिए वरीय अधिकारी लगातार फील्ड में उतर रहे हैं। बुधवार को उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल और अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा समेत कई अधिकारियों ने विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों का दौरा कर अभियान की जमीनी समीक्षा की।

जिला प्रशासन का कहना है कि किसानों के पंजीकरण को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तकनीकी कर्मियों और राजस्व कर्मचारियों के लॉगिन आईडी तथा उनके कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है।

प्रशासन ने खराब प्रदर्शन करने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आगे भी सुस्त कार्यशैली वाले कर्मियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि जिले के सभी किसानों को सरकारी योजनाओं और अनुदानों का लाभ पारदर्शी तरीके से मिल सके।

No comments:

Post a Comment

Pages