लखनऊ में वकीलों पर लाठीचार्ज के विरोध में खतौली बार ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा
सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज
कुमारखतौली, 18 मई 2026 : लखनऊ कलेक्ट्रेट परिसर में निहत्थे वकीलों पर पुलिस द्वारा किए गए कथित बर्बर लाठीचार्ज की घटना ने पूरे प्रदेश में आक्रोश फैला दिया है। इस घटना को लेकर खतौली तहसील बार एसोसिएशन ने गहरा विरोध जताया और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी खतौली को सौंपा।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि लखनऊ में वकीलों के चैंबर्स हटाने के नाम पर प्रशासन ने अत्यधिक कठोरता अपनाई। ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध तुरंत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, घायल हुए वकीलों को उचित आर्थिक सहायता और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
अधिवक्ताओं ने यह भी जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश में वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम को अविलंब लागू किया जाना चाहिए। बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि अधिवक्ता समाज न्यायिक व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं और उनके अधिकारों और सुरक्षा की अनदेखी न्यायिक प्रणाली को कमजोर कर सकती है।
ज्ञापन सौंपते समय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चन्द, महासचिव सत्यप्रकाश सैनी, एवं अन्य वरिष्ठ अधिवक्ताओं सहित बड़ी संख्या में वकील मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो वे आगे की रणनीति बनाने के लिए मजबूर होंगे।

No comments:
Post a Comment