उत्तर प्रदेश मेरठ में बापू सरदार जगजीत सिंह दल्लेवाल की अध्यक्षता में SKM की महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस
मेरठ, 18 मई 2026 : बापू सरदार जगजीत सिंह दल्लेवाल की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश के मेरठ में कल एक महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा (SKM, गैर-राजनीतिक) के केंद्रीय व प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मोर्चा के संस्थापक जितेंद्र शर्मा, अलीगढ़ मण्डल महासचिव रामवीर सिंह (सेवानिवृत्त कानूनगो), मुज़फ्फरनगर जिलाध्यक्ष राजीव शर्मा, कासगंज जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र लोधी सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश में किसानों के साथ हो रहे अन्याय और समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में किसानों के मुद्दों जैसे झूठे मुकदमे दर्ज कराना, प्रशासनिक अधिकारियों के गलत व्यवहार, कारपोरेट राज का बढ़ावा, किसानों की भूमि पर जबरन टोल प्लाजा निर्माण, और विरोध प्रदर्शन पर मुकदमे लगाए जाने जैसी चिंताओं को उजागर किया गया। साथ ही, बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ जैसी योजनाओं में कथित ढोंग और महिला किसानों की समस्याओं पर चुप्पी को लेकर भी स्पष्टीकरण मांगा गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 7 जून 2026 को संयुक्त किसान मोर्चा की राष्ट्रीय बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि 8 जून 2026 को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। यह महापंचायत किसानों के अधिकारों और उनके कल्याण हेतु उठाए जाने वाले सामूहिक कदमों को दिशा देने का मुख्य मंच होगी।
बैठक के दौरान SKM नेताओं ने किसानों के हक और उनके सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण के लिए संगठित संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

No comments:
Post a Comment