विश्व परिवार दिवस पर पर्यावरण भारती ने शुरू किया पौधारोपण व बीजारोपण अभियान
लखीसराय, 15 मई 2026 : विश्व परिवार दिवस के अवसर पर चानन प्रखंड के कुंदर गांव में पर्यावरण भारती के तत्वावधान में पौधारोपण एवं बीजारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राज कुमार शर्मा ने किया, जबकि इंजीनियर विनय कुमार ने सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक Ram Bilas Shandilya ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन के कारण जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने बताया कि पृथ्वी पर कम से कम 33 प्रतिशत वन क्षेत्र आवश्यक है, जबकि वर्तमान में यह घटकर लगभग 15 प्रतिशत रह गया है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण अभियान से जुड़ना चाहिए।
उन्होंने प्राकृतिक बीज संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पहले किसान स्वयं बीज संरक्षित कर एक-दूसरे की मदद करते थे, लेकिन आज किसानों को हर वर्ष बाजार से नए बीज खरीदने पड़ते हैं। इस स्थिति को देखते हुए प्राकृतिक बीज संग्रह और बीज बैंक निर्माण अभियान चलाया जा रहा है।
विश्व परिवार दिवस के अवसर पर प्रत्येक परिवार से कम से कम 10 बीज लगाने और पौधे तैयार करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार परिवार के सदस्यों के प्रति अपनापन होता है, उसी तरह पौधों के प्रति भी स्नेह और संरक्षण की भावना विकसित करनी होगी।
पर्यावरण प्रांत टोली सदस्य Hare Ram Singh ने बताया कि विश्व परिवार दिवस का उद्देश्य “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने संयुक्त परिवार व्यवस्था के सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिवार ही बच्चों के संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों की पहली पाठशाला है।
कार्यक्रम में राज कुमार शर्मा, इंजीनियर विनय कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, हरे राम सिंह, संजीत कुमार यादव, सिंटू कुमार, राहुल सिंह, शेषनाथ राय, संजय कुमार, लक्ष्मण मोदी, ब्रह्मदेव और विशाल सहित कई लोगों ने भाग लिया।


No comments:
Post a Comment