सहयोग पोर्टल के जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन, 19 मई से लगेंगे विशेष शिविर
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : आम लोगों की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय के संवाद कक्ष में 'सहयोग पोर्टल–वास्तविक समय अनुश्रवण प्रणाली' के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है।
प्रशिक्षण के दौरान जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी श्री दीपू पटेल ने सहयोग पोर्टल की तकनीकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन से घर बैठे शिकायत दर्ज कर सकते हैं तथा उसकी स्थिति का वास्तविक समय में अनुश्रवण कर सकते हैं।
प्रशिक्षण में आवेदक पंजीकरण, ओटीपी सत्यापन तथा शिकायतों की विभिन्न श्रेणियों के चयन की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसमें सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के समाधान के बाद नागरिकों से प्राप्त प्रतिक्रिया एवं सुझाव सेवाओं की गुणवत्ता का प्रमुख आधार होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का निष्पादन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ आगामी 19 मई से सभी प्रखंडों की चयनित पंचायतों में आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों को सफल बनाने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक सेवाएं सुलभ रूप से उपलब्ध कराई जा सकें।
No comments:
Post a Comment