जमुई में शिक्षा समिति की बैठक, अभिभावक-शिक्षक बैठक और स्कूल व्यवस्था सुधार पर जोर
जमुई : जिला परिषद, जमुई की शिक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के बच्चों की उम्र एवं वर्ग सापेक्ष दक्षता बढ़ाने तथा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला पार्षद सह शिक्षा समिति अध्यक्ष धर्मदेव यादव ने की, जबकि संचालन जिला शिक्षा पदाधिकारी सह सचिव दयाशंकर ने किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में वर्गवार अभिभावक-शिक्षक बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित कराई जाएगी। अध्यक्ष धर्मदेव यादव ने कहा कि बच्चों के समुचित विकास और सीखने की प्रक्रिया में विद्यालय और अभिभावकों दोनों की समान भूमिका है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को नियमित स्कूल भेजने और घर में पढ़ाई का माहौल बनाने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया।
बैठक के दौरान जिला पार्षद अनिल प्रसाद साह ने विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात के अनुसार विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति का मुद्दा उठाया। इस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि नियुक्ति सरकार और विभागीय स्तर पर की जाती है तथा इस संबंध में सरकार को अनुरोध भेजा जाएगा।
सदस्यों ने छात्रों की संख्या के अनुसार रसोइयों की बहाली, विद्यालयों की नियमित सफाई और हाउसकीपिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। जिला पार्षद प्रतिनिधि आलोक राज ने सरकारी और निजी विद्यालयों में नामांकन का आंकड़ा उपलब्ध कराने की मांग की।
बैठक में समय पर पुस्तक वितरण कराने के लिए जिला शिक्षा विभाग की सराहना भी की गई। इसके साथ ही बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता सुदृढ़ीकरण अभियान (एफएलएन) की समीक्षा की गई। निर्णय लिया गया कि जिन विद्यालयों में आधारभूत संरचना उपलब्ध है, वहां टैग व्यवस्था समाप्त की जाएगी।
खैरा प्रखंड के हरणी मध्य विद्यालय में कम कमरों और शिक्षकों की समस्या भी बैठक में उठाई गई। इस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं मॉडल स्कूलों में नामांकन प्रक्रिया और कई विद्यालयों में जरूरत से अधिक चापाकल लगाए जाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
अध्यक्ष धर्मदेव यादव ने कहा कि सरकार के बजट का सबसे बड़ा हिस्सा शिक्षा पर खर्च होता है, इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि राशि का उपयोग बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और दक्षता विकास में सही तरीके से हो। उन्होंने कहा कि जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी के नेतृत्व में जिले की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का प्रयास जारी रहेगा।


No comments:
Post a Comment