जमुई में साइकिल यात्रा के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश, पौधारोपण पर दिया जोर
जमुई : बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय असंतुलन को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई (रजिस्टर्ड)” द्वारा 539वीं निरंतर रविवारीय साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम, जमुई से शुरू होकर करीब 17 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए खैरा प्रखंड के डुमरियाटांड गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों के बीच पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
यात्रा के दौरान टीम के सदस्यों ने “एक टोला, एक बगीचा” का संदेश देते हुए गांव के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया और लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पर्यावरण का दायरा बढ़ाना बेहद जरूरी है।
मौके पर कुंदन सिन्हा और शिवम उपाध्याय ने कहा कि पेड़ों की कटाई, घटते जंगल, बढ़ता प्रदूषण और जल स्रोतों के खत्म होने से देश में तापमान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में कई शहरों का तापमान 40 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने यह भी कहा कि हरियाली की कमी के कारण हीटवेव का असर बढ़ रहा है, जिससे हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, बिजली संकट, पानी की कमी और फसल नुकसान जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। इसका सबसे अधिक असर बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले मजदूरों पर पड़ रहा है।
इस दौरान पुलिस अवर निरीक्षक निलेश कुमार सिंह ने कहा कि हर गांव और हर टोला में सामूहिक रूप से कम से कम एक बगीचा तैयार करना जरूरी हो गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधारोपण करें और उसकी देखभाल भी सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में प्रदीप उपाध्याय, हर्ष कुमार सिन्हा, सागर कुमार, राकेश कुमार, अमन सिंह चंदेल, शांतनु सिंह, विवेक कुमार, पंकज कुमार, लड्डू मिश्रा, सत्यम कुमार, सुंदरम कुमार, शिवम कुमार, शैलेश भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment