समस्तीपुर में महिला आरक्षण बिल के विरोध में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं का मार्च, राहुल गांधी का पुतला दहन - City Channel

Breaking

Wednesday, April 22, 2026

समस्तीपुर में महिला आरक्षण बिल के विरोध में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं का मार्च, राहुल गांधी का पुतला दहन

 समस्तीपुर में महिला आरक्षण बिल के विरोध में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं का मार्च, राहुल गांधी का पुतला दहन


समस्तीपुर : महिला आरक्षण संशोधन बिल के लोकसभा में गिरने के विरोध में बुधवार को समस्तीपुर में भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला। भीषण गर्मी और लगभग 40 डिग्री तापमान के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं सड़कों पर उतरीं और नेता विपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किया।

महिला कार्यकर्ताओं ने शहर के बलिराम भगत महाविद्यालय से जुलूस निकालकर मोहनपुर रोड तक पैदल मार्च किया। इस दौरान मोहनपुर रोड पर जन आक्रोश महिला सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने अपनी आवाज बुलंद की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा उत्तरी जिला अध्यक्ष नीलम सहनी ने कहा कि जब-जब केंद्र सरकार महिलाओं के हित में विधेयक लाती है, तब-तब विपक्षी गठबंधन द्वारा उसमें बाधा उत्पन्न की जाती है। उन्होंने कहा कि महिलाएं देश की आधी आबादी हैं, लेकिन संसद में उनकी भागीदारी मात्र 10 से 12 प्रतिशत तक सीमित है।

उन्होंने यह भी कहा कि जब तक महिलाएं अपने अधिकार के लिए आगे नहीं आएंगी, तब तक पंचायत से लेकर संसद तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

वहीं, नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम की समस्तीपुर लोकसभा संयोजक विमला सिंह ने कहा कि राजनीतिक दल महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण को लेकर लाए गए संशोधन विधेयक को विपक्षी गठबंधन ने गिराकर महिलाओं का अपमान किया है।

कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा उत्तरी क्षेत्र के जिला अध्यक्ष विमल कुमार उर्फ गोलू, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय शर्मा, सुनील कुमार, वीरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अपने अधिकारों को लेकर आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया।

No comments:

Post a Comment

Pages