झाझा रेलवे स्टेशन पर 95 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार - City Channel

Breaking

Saturday, May 9, 2026

झाझा रेलवे स्टेशन पर 95 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार

झाझा रेलवे स्टेशन पर 95 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार

झाझा/जमुई : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट झाझा ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए झाझा रेलवे स्टेशन से 95 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 28,500 रुपये बताई जा रही है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

आरपीएफ के अनुसार, 8 मई 2026 की शाम प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, प्रधान आरक्षी पप्पू यादव, आरक्षी घनश्याम सिंह यादव तथा जीआरपी झाझा के जवान संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में गश्त और चेकिंग अभियान चला रहे थे।

इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर आई 12023 अप ट्रेन की जांच के क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म के पूर्वी छोर पर तीन लावारिस बैग पड़े हैं। सूचना के आधार पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी ली।

जांच के दौरान तीन काले-हरे रंग के बैगों से ‘गॉडफादर सुप्रीम स्ट्रॉन्ग बीयर’ के कुल 190 कैन बरामद किए गए। इनमें दो बैगों में 70-70 कैन और तीसरे बैग में 50 कैन रखे थे। प्रत्येक कैन 500 एमएल का था। इस तरह कुल 95 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। सभी कैनों पर “For Sale in Jharkhand Only” अंकित था।

आरपीएफ ने बरामद शराब को जब्त कर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद जीआरपी झाझा को सौंप दिया। इस संबंध में जीआरपी थाना झाझा में कांड संख्या 57/26 दर्ज किया गया है। मामला बिहार उत्पाद संशोधित अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) के तहत अज्ञात के विरुद्ध दर्ज किया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब किसके द्वारा और कहां ले जाई जा रही थी। 

No comments:

Post a Comment

Pages